Thu, 30 Jul 2026 01:08 PM IST
राकेश कुमार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
Published by: राकेश कुमार
Updated Thu, 30 Jul 2026 01:08 PM IST
Bankipur Datia Manjalpur bypoll: बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन अहम विधानसभा सीटों पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इसमें बिहार की बांकीपुर सीट पर भाजपा, राजद और जनसुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है, जबकि मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने हैं। विधायक के इस्तीफे, सदस्यता रद्द होने और निधन के कारण खाली हुई इन तीनों सीटों के चुनावी नतीजे आगामी तीन अगस्त को घोषित किए जाएंगे। तीनों सीटों पर हो रहे मतदान से जुड़े हर अपडेट्स जानने के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ…
विधानसभा उपचुनाव
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
लाइव अपडेट
06:29 PM, 30-Jul-2026
तीनों सीटों पर शाम 5 बजे तक कितनी प्रतिशत वोटिंग?
चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आकड़ों के मुताबिक, इस उपचुनाव में सबसे ज्यादा वोटिंग मध्य प्रदेश के दतिया सीट पर हुई है। चुनाव आयोग ने बताया कि शाम पांच बजे तक दतिया सीट पर 68.78%, बांकीपुर में 33.57% और मांजलपुर में 34.35% प्रतिशत वोटिंग हुई है। हालांकि 6 बजने के बाद भी अभी तक अंतिम वोटिंग प्रतिशत का आंकड़ा सामने नहीं आ पाया है।
04:05 PM, 30-Jul-2026
बिहार और गुजरात में कछुए की चाल
दोपहर तीन बजे तक सबसे कम मतदान बिहार की बांकीपुर सीट पर अब तक दर्ज किया गया है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, सुबह से लेकर अब तक यहां महज 27.82 प्रतिशत वोटिंग हुई है। बता दें कि यह सीट नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद बनने के बाद खाली हुई है। वहीं, गुजरात के मांजुलपुर में भाजपा विधायक के निधन के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है और यहां अब तक 28.47 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
04:03 PM, 30-Jul-2026
दतिया में जमकर हो रहा मतदान
मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस विधायक की अयोग्यता के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव में जमकर मतदान हो रहा है। चुनाव आयोग की तरफ से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, दतिया सीट पर अब तक 61.48 फीसदी वोटिंग हुई है। बता दें कि यह सीट मध्य प्रदेश की राजनीति में अहम स्थान रखती है और 2023 के विधानसभा चुनाव में राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा यहां से हार गए थे।
01:51 PM, 30-Jul-2026
दतिया उपचुनाव: दोपहर एक बजे तक 48.91% मतदान
दोपहर एक बजे तक दतिया सीट 48.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। वहीं, बांकीपुर सीट पर 20.01 फीसदी और गुजरात की मांजलपुर सीट पर 21.66 फीसदी वोटिंग हुई है। मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर वोटिंग की रफ्तार शुरू से तेज है।
01:07 PM, 30-Jul-2026
वोटिंग प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद: भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा
भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि माहौल पूरी तरह से शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण है। माताएं, बहनें, माता-पिता, अभिभावक, चाचा-चाची, दादा-दादी, सभी वोट डालने के लिए बाहर आए हैं। हम चाहते हैं कि मतदान का प्रतिशत जितना हो सके उतना अधिक हो। हमें उम्मीद है कि वोटिंग प्रतिशत बढ़ेगा। हर कोई हमें अपना आशीर्वाद दे रहा है, खासकर माताएं और बहनें। मैं बांकीपुर का बेटा हूं और वे मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं।
12:16 PM, 30-Jul-2026
किस सीट पर कितने प्रतिशत मतदान हुआ?
- बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अब तक लगभग 11.50% मतदान दर्ज किया गया।
- मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव में अब तक लगभग 14.24% मतदान दर्ज किया गया।
- दतिया विधानसभा उपचुनाव में अब तक लगभग 32.53% मतदान दर्ज किया गया।
11:14 AM, 30-Jul-2026
मांजलपुर उपचुनाव: भाजपा और कांग्रेस में सीधी टक्कर, शुरुआती तीन घंटों में 6.06% हुआ मतदान
गुजरात की वडोदरा सीट के अंतर्गत आने वाली मांजलपुर विधानसभा पर उपचुनाव के लिए आज सुबह से वोटिंग जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह 10 बजे तक शुरुआती तीन घंटों में यहां 6.06% मतदान दर्ज किया गया है। यह सीट भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई थी। इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच है। भाजपा ने पूर्व पार्षद सतीश पटेल पर दांव लगाया है, तो वहीं कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है। इस क्षेत्र के कुल 2.19 लाख मतदाता आज इन दोनों नेताओं की किस्मत का फैसला ईवीएम में दर्ज कर रहे हैं।
चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वोटिंग के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कुल 62 स्थानों पर 260 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के लिए 100% लाइव वेबकास्टिंग और सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही है। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर और होम वोटिंग जैसी विशेष सुविधाएं दी गई हैं, जबकि दो बूथ पूरी तरह महिला स्टाफ द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। वोटिंग प्रतिशत की जानकारी हर दो घंटे में अपडेट की जा रही है। 36 वर्षों से भाजपा का मजबूत गढ़ रही इस सीट पर आज डाले जा रहे वोटों की गिनती और नतीजे तीन अगस्त को सामने आएंगे।
11:09 AM, 30-Jul-2026
आपका मत महत्वपूर्ण, विकसित भारत बनाने में दें योगदान: नितिन नवीन
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से चुनाव में बढ़-चढ़कर वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘आज बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया के उज्ज्वल भविष्य के लिए आपका एक-एक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प पर अपना अटूट विश्वास व्यक्त करेगी तथा विकास की इस निरंतर यात्रा को नई शक्ति प्रदान करेगी।’
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं बांकीपुर, मांजलपुर और दतिया विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं, विशेषकर युवाओं व मातृशक्ति से आग्रह करता हूं कि अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दें। याद रखें- पहले मतदान, फिर जलपान।’
11:08 AM, 30-Jul-2026
मोहन यादव बोले-दतिया के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत लोकतंत्र की नींव है आपका वोट
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दतिया विधानसभा के सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, ‘आपका वोट दतिया के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत लोकतंत्र की नींव है। मत देकर विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।’
10:49 AM, 30-Jul-2026
प्रशांत किशोर का बड़ा आरोप-भाजपा नहीं पुलिस लड़ रही यह चुनाव
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के बीच जनसुराज के संस्थापक और उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने कहा, ‘व्यवस्थित तरीके से जहां कहीं भी जनसुराज के लोगों ने टेबल लगाई है, ये लोग उसे पकड़ रहे हैं. पूरे बांकीपुर में दिख रहा है कि ये उपचुनाव भाजपा नहीं लड़ रही बल्कि पुलिस बल लड़ रहा है। लोगों के घरों में जाकर उन्हें रात से ही डराया जा रहा है, किसी को पकड़ा जा रहा है। यहां अनुमति के साथ जो (जन-सुराज के) टेबल लगे हुए हैं, वहां से लोगों को पकड़कर पुलिस ले गई है, इसलिए लोग उत्तेजित हो रहे हैं।’
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
