Mon, 03 Aug 2026 09:39 AM IST
अमर उजाला नेटवर्क, नूंह
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Mon, 03 Aug 2026 09:39 AM IST
यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। यात्रा मार्ग पर करीब 2,200 पुलिस जवान, पैरा फोर्स के जवान तथा दर्जनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और ड्यूटी मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है।
नूंह हिंसा का आरोपी बिट्टू बजरंगी नजरबंद
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा सोमवार को उल्लास और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच निकलेगी। जिले के प्रमुख शिव मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जबकि हजारों श्रद्धालुओं के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा के दौरान एक बार फिर मेवात की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल देखने को मिलेगी।
यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। यात्रा मार्ग पर करीब 2,200 पुलिस जवान, पैरा फोर्स के जवान तथा दर्जनों वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और ड्यूटी मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है। जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार समन्वय के साथ कार्य करेंगे। नूंह हिंसा के आरोपी बिट्टू बजरंगी को ब्रजमंडल यात्रा के मद्देनजर पुलिस ने नजर बंद किया। बीती रात 11 बजे से ही पुलिस बिट्टू बजरंगी के घर पर है।
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे यात्रा समाप्त होने तक अपने ड्यूटी स्थलों पर मौजूद रहकर निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें। जिला प्रशासन का कहना है कि उसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहे हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय, नूंह में विशेष हेल्पलाइन स्थापित की है। हेल्पलाइन 3 अगस्त को सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक दो पालियों में संचालित रहेगी। किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत या सहायता के लिए श्रद्धालु 01267-274610 पर संपर्क कर सकेंगे।
बॉटल व अन्य खुले तरीके से नहीं मिलेंगे पेट्रोल-डीजल
यात्रा के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत खुले रूप में पेट्रोल एवं डीजल की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, जिला प्रशासन ने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल टावरों तथा अन्य आवश्यक जनोपयोगी सेवाओं में लगे जनरेटरों के लिए डीजल आपूर्ति को इस प्रतिबंध से छूट प्रदान की है।
मुस्लिम करेंगे श्रद्धालुओं का स्वागत
ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा को लेकर जिले में स्वागत एवं सेवा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो श्रद्धालुओं के स्वागत, सहयोग और व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाएंगे। खास बात यह है कि स्वागत में मुस्लिम समाज के कई प्रमुख लोग भी बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
यहां रहेगी व्यवस्था
रोजका मेव (बाई का डंडा), रेवासन टोल, हिरमथला, घासेड़ा, फिरोजपुर नमक, किरा गौशाला रूट नं, छपेड़ा रूट नं. 2, लघु सचिवालय टी-पॉइंट, लघु सचिवालय लाल बत्ती चौक, कैन पैक कंपनी (जयसिंहपुर-उजीना रूट नं. 3), गांधी पार्क नूंह, नहर कॉलोनी तावडू रोड, जोगीपुर मोड़, शहीद पार्क, मेडिकल रोड पेट्रोल पंप, मरोड़ा और मालब (सनातन धर्म मंदिर) पर यात्रा के दौरान पेयजल, सहयोग एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
