Mon, 06 Jul 2026 11:20 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
Published by: दिनेश शर्मा
Updated Mon, 06 Jul 2026 11:20 PM IST
त्विषा शर्मा मौत मामले की आरोपी पूर्व जज गिरिबाला सिंह के सूने घर में हुई करीब 25 लाख रुपये की चोरी की जांच के लिए आठ सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। पुलिस ने उनकी लाइसेंसी पिस्टल सुरक्षित बरामद कर ली है और सीसीटीवी, वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी है।
गिरिबाला सिंह के घर चोरी के मामले में जांच तेज
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बहुचर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में जेल में बंद सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के सूने मकान में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस हाईप्रोफाइल चोरी की गुत्थी सुलझाने और आरोपियों की धरपकड़ के लिए आठ सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, चोरों ने करीब 25 लाख रुपये के जेवरात और कीमती सामान पर हाथ साफ किया है।
भोपाल के पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि जांच के दौरान गिरिबाला सिंह की लाइसेंसी पिस्टल पुलिस को घर में पूरी तरह सुरक्षित मिल गई, जिसे पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है। गिरिबाला सिंह ने जेल से ही पुलिस को चोरी गए आभूषणों और अन्य कीमती सामान की एक प्रारंभिक सूची सौंप दी है। इस सूची के आधार पर करीब 25 लाख रुपये की चोरी का अंदेशा है, हालांकि, वास्तविक नुकसान का सटीक आकलन पूरी जांच के बाद ही हो सकेगा।
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: गिरिबाला-समर्थ के वॉयस सैंपल और लैपटॉप पासवर्ड लेने की अनुमति, CBI की जांच तेजी से बढ़ेगी
पुलिस आयुक्त ने बताया कि वारदात की जांच हर पहलू से की जा रही है। कटारा हिल्स थाना पुलिस ने चोरी के बाद घर के भीतर के हालातों का एक विस्तृत वीडियो तैयार किया था, जिसे कोर्ट की अनुमति के बाद जेल जाकर पुलिस टीम ने गिरिबाला सिंह को दिखाया गया है।
वीडियो के जरिए सामान की पहचान
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वीडियो के माध्यम से गिरिबाला सिंह से चोरी गए और सुरक्षित बचे सामान की पहचान कराई जा रही है, ताकि वास्तविक नुकसान और चोरी गए सामान का सही आंकड़ा जुटाया जा सके। एसआईटी तकनीकी साक्ष्यों, आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाल रही है। एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है। आसपास डेरे व टपरे बनाकर रहने वाले कुछ घुमंतू परिवारों से भी पूछताछ की जा चुकी है। चोरी की इस वारदात से जुड़े हर संभावित एंगल पर बारीकी से काम किया जा रहा है। जल्द ही इस मामले में कोई बड़ा सुराग हाथ लगने की उम्मीद है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
