- Hindi News
- National
- IMD Rainfall Flood LIVE Photos Update; Himachal Landslide Gujarat MP UP Weather | Rajasthan Mumbai Delhi
हिमाचल के चंबा में अचानक बाढ़ से पत्थरों का सैलाब:मलबा घरों में घुसा, चंडीगढ़ मे करंट से युवती की मौत; चारधाम यात्रा स्थगित; दिल्ली में बारिश

देश के कई राज्यों में भारी बारिश आफत बन गई है। हिमाचल प्रदेश के चंबा में सोमवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद सरोल मोहल्ले समेत कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। पानी के साथ आए पत्थरों और मलबे का सैलाब घरों और दुकानों में घुस गया। कई मकानों की पहली मंजिल तक मलबा भर गया।
उत्तराखंड में मंगलवार सुबह चमोली, टिहरी, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में लैंडस्लाइड हुई। रुद्रप्रयाग के कुंड-काकड़ा के बीच केदारनाथ नेशनल हाईवे मलबा आने से बंद हो गया। सोनप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे भी बंद है, जिसके चलते चारधाम यात्रा दो दिन रोक दी गई है।
दिल्ली में मंगलवार सुबह जोरदार बारिश हुई। इससे जगह-जगह सड़कों पर पानी भर गया।
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में मंगलवार सुबह PhD स्कॉलर युवती की करंट लगने से मौत हो गई। वह गर्ल्स हॉस्टल से अपने विभाग में पढ़ाई के लिए जा रही थी।
उधर, मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में रविवार शाम बिजली गिरने से 11 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
सैटेलाइट मैप में देखें, देश में कहां-कहां बादल छाए…

बंगाल से उत्तराखंड तक बादल छाए, एक हफ्ते बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की तरफ से जारी नई सैटेलाइट इमेज में पश्चिम बंगाल से उत्तराखंड तक 1500km एरिया में बादल छाए हुए हैं। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन है।
डीप डिप्रेशन समुद्र के ऊपर बनने वाला कम दबाव का एक स्ट्रॉन्ग मौसम सिस्टम होता है। इसमें हवा की रफ्तार सामान्य डिप्रेशन से ज्यादा होती है। इससे भारी बारिश होती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ के असर से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार में भारी बारिश हो सकती है।
देशभर के मौसम से जुड़ी तस्वीरें…

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से देहरादून में टोंस नदी पर बना नया पुल क्षतिग्रस्त हो गया है।

हिमाचल प्रदेश के चंबा में लैंडस्लाइड के बाद इमारत का एक हिस्सा मलबे में दब गया।

असम के शिवसागर में बाढ़ का पानी घरों के अंदर घुस गया। बाहर जाने के लिए लोग नाव का इस्तेमाल कर रहे हैं।

गुजरात के अहमदाबाद में भारी बारिश के बाद सड़क पर पानी भर गया।

दिल्ली में मंगलवार सुबह से जोरदार बारिश हुई। इससे सड़कों पर पानी भर गया। कई इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया।

मौसम से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
हरियाणा के पंचकूला में भारी बारिश में पुल बहा,गुरुग्राम में 2 फीट जलभराव

हरियाणा में मंगलवार सुबह से लेकर दोपहर तक छह जिलों यमुनानगर, पंचकूला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार और भिवानी में तेज बारिश हुई। पंचकूला के पिंजौर के एचएमटी स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर के समीप बना वैकल्पिक पुल बह गया। इससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। वहीं, गुरुग्राम में जहां मुख्य मार्ग पर रोड दो-दो फीट तक भारी भर गया। पढ़ें पूरी खबर…
11:19 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
महाराष्ट्र के नागपुर में स्कूल में भरा पानी, बच्चे रस्सी पकड़कर बाहर निकले
महाराष्ट्र के नागपुर में भारी बारिश के कारण शहर में कई जगह जलभराव हो गया है। एक स्कूल के बाहर के हालात जहां छात्रों के लिए सुरक्षा रस्सियां लगाई गई हैं, ताकि स्कूल परिसर से बाहर निकलते समय वे उन्हें पकड़ सकें।
08:28 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
चंडीगढ़ में करंट से PhD स्कॉलर युवती की मौत, पंजाब यूनिवर्सिटी में हादसा

चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में मंगलवार सुबह PhD स्कॉलर युवती की करंट लगने से मौत हो गई। वह गर्ल्स हॉस्टल से अपने विभाग में पढ़ाई के लिए जा रही थी। इसी दौरान वह अचानक कच्चे रास्ते पर नीचे गिर पड़ी। यह देखकर स्टूडेंट उसे उठाने के लिए दौड़े।
जब तक वह युवती को अस्पताल ले गए, उसकी मौत हो चुकी थी। मरने वाली युवती हरियाणा की रहने वाली थी। वह गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शुरूआती जांच में इसे करंट लगने से मौत माना जा रहा है। हालांकि, अभी जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
08:05 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
दिल्ली में जोरदार बारिश,सड़कों पर पानी भरा
दिल्ली में मंगलवार सुबह से ही जोरदार बारिश हो रही है। इससे सड़कों पर पानी भर गया है। इससे ट्रैफिक भी जाम हो गया है।
07:43 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
उत्तराखंड के मसूरी में लैंडस्लाइड के कारण हाईवे बंद
उत्तराखंड के मसूरी में लैंडस्लाइड के कारण देहरादून–मसूरी हाईवे बंद हो गया। इससे बड़ी संख्या में पर्यटक कई घंटे तक फंसे रहे। सड़क को दोबारा चालू करने का काम जारी है।
04:50 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
पंजाब-चंडीगढ़ में पहली बार रेड अलर्ट, भाखड़ा और पोंग बांध का जलस्तर बढ़ा

चंडीगढ़ और पठानकोट में सुबह से तेज बारिश हो रही है।
पंजाब और चंडीगढ़ में सोमवार को कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने मंगलवार को पहली बार पंजाब और चंडीगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश के चलते भाखड़ा और पोंग बांध का जलस्तर भी बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से नदियों-नालों के आसपास न जाने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है। पूरी खबर पढ़ें…
02:22 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
हिमाचल प्रदेश: चंबा में घरों में घुसा मलबा, कई गाड़ियां दबीं; शिमला में भी तेज बारिश

चंबा में सोमवार रात हुई भारी बारिश के बाद कई घरों और सड़कों पर मलबा बहकर आ गया।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद कई इलाकों में मलबा घरों में घुस गया। सरोल मोहल्ले में कई घरों की पहली मंजिल मलबे में दब गई, जबकि कई वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। वहीं शिमला में भी रात से लगातार तेज बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले 6 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज सिरमौर और बिलासपुर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि शिमला, मंडी और सोलन में यलो अलर्ट है। IMD ने मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन में फ्लैश फ्लड का खतरा जताते हुए लोगों को नदी-नालों और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। पूरी खबर पढ़ें…
02:15 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
हरियाणा में दो दिन तेज बारिश का अलर्ट, अब तक 27% कम बरसे बादल

यमुनानगर में मंगलवार सुबह तेज बारिश हुई।
हरियाणा में मौसम विभाग ने अगले दो दिन तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मंगलवार सुबह से यमुनानगर में बारिश हो रही है। वहीं पंचकूला, अंबाला, करनाल और यमुनानगर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आधा मानसून सीजन बीतने के बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से 27% कम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा कमी जींद और सिरसा में दर्ज की गई है, जहां सामान्य से 62% कम बारिश हुई है। वहीं रोहतक, अंबाला, कैथल, सोनीपत और हिसार समेत कई जिलों में भी बारिश का बड़ा घाटा बना हुआ है। पूरी खबर पढ़ें…
02:11 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
बिहार के 23 जिलों में आंधी-बारिश, अब तक 40% कम बारिश, पटना में उमस और तेज धूप रहेगी

बिहार में मानसून की रफ्तार धीमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को 23 जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका है। वहीं, बाकी 15 जिलों में मौसम सामान्य रहने और दिनभर उमस भरी गर्मी पड़ने का अनुमान है।
पटना में बादलों की आवाजाही के बावजूद तेज धूप और उमस बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक सामान्य से 40% कम बारिश हुई है। पिछले 24 घंटे में नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, औरंगाबाद, बगहा, अररिया और सुपौल समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पूरी खबर पढ़ें…
02:09 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
उत्तराखंड के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून समेत 6 जिलों में स्कूल बंद

नैनीताल में मंगलवार सुबह तेज बारिश हुई।
उत्तराखंड में देर रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद देहरादून, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, पौड़ी और चमोली में 1 से 12वीं तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखे गए हैं। विभाग ने बुधवार को भी प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। पूरी खबर पढ़ें…
01:58 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
MP के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल में सुबह से बूंदाबांदी

सोमवार को बालाघाट में तेज बारिश हुई।
मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ समेत दो मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इसके असर से मंगलवार को सतना, कटनी, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, रायसेन और बैतूल में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में अगले 24 घंटे में 4 इंच या उससे ज्यादा बारिश हो सकती है। भोपाल में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है, जबकि राज्य के कई अन्य जिलों में भी हल्की से तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब तक औसतन 17% कम बारिश हुई है। पूरी खबर पढ़ें…
01:57 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
राजस्थान के 25 जिलों में आज भारी बारिश, 2 अगस्त तक अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत सिस्टम के असर से राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने आज 25 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में 2 इंच तक बारिश दर्ज की गई।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से राजस्थान में 2 अगस्त तक मानसून एक्टिव फेज में रहेगा और कई इलाकों में लगातार बारिश होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…
01:45 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
अगले 2 दिन के मौसम का हाल
29 जुलाई:
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, पंजाब, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
झारखंड, गुजरात, पश्चिम राजस्थान, तमिलनाडु-पुडुचेरी और बंगाल को छोड़कर पूरे देश में बारिश हो सकती है।
30 जुलाई:
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, केरल, गोवा और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश जारी रहने की संभावना है।
01:44 AM28 जुलाई 2026
- कॉपी लिंक
देश के प्रमुख शहरों में आज के तापमान का अनुमान

