- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

महाराष्ट्र के पुणे के दौंड इलाके में जनगणना ड्यूटी से इनकार करने पर 3 शिक्षकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें 2 महिला शिक्षक शामिल हैं। आरोप है कि सरकारी निर्देशों के बावजूद तीनों शिक्षक काम से गैर-हाजिर रहे।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पुंछ में ऑपरेशन सिंदूर के समय का पाकिस्तानी मोर्टार शेल बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पुलस्त्य नदी के किनारे एक पाकिस्तानी मोर्टार शेल मिला है। अधिकारियों को शक है कि यह मोर्टार शेल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान की तरफ से दागा गया था। तब से लेकर अब तक यह बिना फटे वहीं पड़ा रहा। बम स्कॉड की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे कब्जे में ले लिया है।
CDS जनरल अनिल चौहान का आज कार्यकाल खत्म, तीनों सेनाओं ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को सैन्य सेवा से विदाई ली। इस मौके पर उन्हें नई दिल्ली में तीनों सेनाओं (थल सेना, नौसेना और वायुसेना) की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने शहीद स्मारक पर फूल चढ़ाकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
जनरल चौहान ने कहा कि तीनों सेनाओं के गार्ड ऑफ ऑनर के साथ सेवानिवृत्त होना उनके लिए गर्व की बात है। जनरल चौहान 1981 में भारतीय सेना में शामिल हुए थे। उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा पदक सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।
देश के अगले CDS रिटायर लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि होंगे। वे 31 मई को कार्यभार संभालेंगे। एनएस राजा देश के तीसरे CDS होंगे।
मनोज जरांगे ने अपना नौवां अनिश्चितकालीन अनशन शुरू किया

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने शनिवार को अपना नौवां अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया। अनशन जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में शुरू किया गया है। इससे मराठा आरक्षण के मुद्दे पर महाराष्ट्र सरकार पर दबाव बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उनकी मांगों में मराठा समुदाय के लोगों को कुनबी जाति प्रमाण पत्र जारी करना, हैदराबाद और सतारा गजट रिकॉर्ड लागू करना तथा आरक्षण आंदोलन से जुड़े मामलों को वापस लेना शामिल है। उन्होंने OBC मंत्रालय की तर्ज पर मराठा समुदाय के लिए अलग मंत्रालय बनाने की मांग भी दोहराई।
RSS प्रचार प्रमुख बोले- अगर 1947 में संघ मजबूत होता तो भारत-पाकिस्तान का बंटवारा नहीं होता

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा है कि अगर 1947 में RSS ज्यादा मजबूत होता, तो देश का बँटवारा नहीं होता। आंबेकर ने बँटवारे को देश के लिए सबसे दर्दनाक घटनाओं में से एक बताया।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उस समय RSS उतना मजबूत नहीं था जितना आज है, इसके बावजूद उसने हिंदुओं की रक्षा करने और उन्हें फिर से बसाने का काम किया। उन्होंने कहा कि संघ समाज के हर तबके के साथ बातचीत करने में विश्वास रखता है और किसी से नफरत नहीं करता।
तकनीकी खराबी के कारण कुछ सेंटर पर CUET-UG परीक्षा में देरी, NTA ने बदला दोपहर का समय

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बताया कि शनिवार को कुछ एग्जाम सेंटर पर तकनीकी खराबी के कारण CUET-UG 2026 परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। समस्या का समाधान कर लिया गया है।
NTA के अनुसार, तकनीकी समस्या TCS की ओर से हुई थी। इसके चलते कुछ सेंटर पर एग्जाम निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सकी।
एजेंसी ने दोपहर वाले सेशन का समय में बदलाव किया है। अब दोपहर सेशन के लिए रिपोर्टिंग और प्रवेश दोपहर 2:30 बजे से होगा। परीक्षा शाम 4:00 बजे शुरू होगी, जो पहले 3:00 बजे शुरू होनी थी।
बेंगलुरु के प्राइवेट स्कूल में लगी आग, सभी सुरक्षित

बेंगलुरु के नागदेवनहल्ली इलाके में शनिवार सुबह प्राइवेट स्कूल की बिल्डिंग में आग लग गई। सभी स्टूडेंट और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस के अनुसार, आग स्कूल की चौथी मंजिल पर ऑडिटोरियम में लगी, जिसके बाद पूरे बिल्डिंग में धुआं फैल गया।
शनिवार होने के कारण स्कूल में क्लास नहीं चल रही थीं, लेकिन कुछ स्टूडेंट ओरिएंटेशन सेशन में शामिल होने आए थे। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
पुणे जहरीली शराब मामले में आबकारी विभाग ने 13 अधिकारियों को सस्पेंड किया

पुणे में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत के मामले में राज्य आबकारी विभाग ने 13 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इनमें 3 इंस्पेक्टर, छह सब-इंस्पेक्टर और विभाग के चार कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस और राज्य आबकारी विभाग ने जॉइंट कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक अवैध शराब कारोबारी भी शामिल है।
जांच में सामने आया है कि शराब में मेथेनॉल हो सकता है। मामला सामने आने के बाद सीएम देवेंद्र फडणवीस ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
अमरनाथ यात्रा में रिकॉर्ड 80 हजार जवानों की होगी तैनाती, 5 लाख श्रद्धालु आ सकते हैं

अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाली यात्रा के लिए 80 हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होगी। इसे अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक की सबसे बड़ी सुरक्षा तैनाती बताया जा रहा है।
इसके लिए करीब 60 हजार अर्धसैनिक बल (लगभग 700 कंपनियां सीएपीएफ) जम्मू-कश्मीर लाए जाएंगे। इसके अलावा, राज्य में पहले से तैनात जम्मू-कश्मीर पुलिस और सेना के 20 हजार जवानों को भी यात्रा ड्यूटी में लगाया जाएगा।
इस बार सुरक्षा बढ़ाने की एक वजह यह भी है कि यात्रा की अवधि करीब दो महीने कर दी गई है। 2025 में यात्रा 38 दिन की थी। इस साल 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
ऑपरेशन शस्त्र के तहत दिल्ली पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने रोहिणी जिले में 48 घंटे तक चलाए गए ऑपरेशन शस्त्र के तहत 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान करीब 500 संदिग्धों से पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान 28 मई को शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य हथियारों का इस्तेमाल कर लूटपाट और छीना-झपटी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों पर कार्रवाई करना था।
कार्रवाई में 11 देसी पिस्तौल, 13 जिंदा कारतूस, 7 चाकू, 2 मोटरसाइकिल और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस कार्रवाई में लगभग 150 से 200 पुलिसकर्मियों ने हिस्सा लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कई शातिर अपराधी शामिल हैं, जिनके खिलाफ लूट, चोरी और स्नैचिंग के कई मामले दर्ज हैं। जम्मू-कश्मीर के राजौरी में 8वें दिन भी सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकियों की तलाश में चल रहा सर्च ऑपरेशन शनिवार को आठवें दिन भी जारी रहा। सुरक्षा बलों को शक है कि कुछ आतंकी अभी भी मुगलान और दोरीमल के जंगलों में छिपे हो सकते हैं। ‘ऑपरेशन शेरूवाली’ के तहत सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर यह अभियान चला रहे हैं।
यह ऑपरेशन खुफिया सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया था। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी है और जंगलों में लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलाके को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने तक अभियान जारी रहेगा।
कर्नाटक में संपत्ति विवाद के चलते 6 लोगों की हत्या; 10 एकड़ जमीन को लेकर पुराना झगड़ा

कर्नाटक के विजयापुरा में संपत्ति विवाद के चलते शुक्रवार दोपहर 2 से 2:30 बजे के बीच गोविंदपुरा गांव में छह लोगों की हत्या कर दी गई। इनमें से पांच लोग एक ही परिवार के थे।
मृतकों की पहचान दुंडप्पा निरल (65), शिवपुत्र निरल (58), चंद्रकांत उर्फ चंदू निरल (55), राहुल निरल (25), समर्थ निरल (23) और शब्बीर अत्तार (45) के रूप में हुई है, जबकि इस घटना में अरविंद (72) और संदीप (33) नामक दो लोग घायल हुए हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, पीड़ितों के परिवार और पास के गांव के एक अन्य परिवार के बीच करीब 10 एकड़ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
डीजल-आइसोब्यूटेनॉल की ब्लेंडिंग इसी साल से संभव

केंद्र सरकार पेट्रोल के बाद डीजल की भी ब्लेंडिंग शुरू कर सकती है। सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने शुक्रवार को कहा कि भारत इस साल के अंत तक डीजल में आइसोब्यूटेनॉल मिलाने का आदेश ला सकता है।
भारत पेट्रोलियम इस पर लंबे समय से शोध कर रहा है। उनका कहना है कि डीजल में ब्लेंडिंग का ऊर्जा सुरक्षा पर पेट्रोल ब्लेंडिंग की तुलना में अधिक बड़ा प्रभाव पड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दिल्ली एयरपोर्ट पर ‘स्काईकास्ट सिस्टम’ का उद्घाटन किया, दुनिया के सिर्फ 18 देशों के पास ऐसी तकनीक

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर भारत के पहले ‘स्काईकास्ट सिस्टम’ का उद्घाटन किया है। ृदुनिया भर में केवल 18 देशों के पास ऐसी प्रणाली है।
दिल्ली के बाद यह सिस्टम जेवर एयरपोर्ट और फिर देश के अन्य हवाई अड्डों पर लगाया जाएगा। ये सिस्टम हवा की गति, दिशा, कोहरे और हवा के उतार-चढ़ाव (टर्बुलेंस) पर पैनी नजर रखेगा। यह तकनीक पायलटों और विमान ऑपरेटरों को उड़ान भरने और लैंडिंग के दौरान करीब तीन घंटे पहले ही मौसम का सटीक अलर्ट दे देगी।
पुलवामा और शोपियां में कार्डियक अरेस्ट से CRPF के दो अधिकारियों की मौत

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा और शोपियां जिलों में स्थित अपने कैंपों में शुक्रवार को कार्डियक अरेस्ट के कारण केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो अधिकारियों की मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरियाणा के रहने वाले इंस्पेक्टर तेजपाल सिंह शाम करीब 5:00 बजे पुलवामा के लेथपोरा स्थित सीआरपीएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र (RTC) में अचेत अवस्था में पाए गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना शोपियां के ज़ैनापोरा इलाके के एक कैंप में हुई, जहां जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के निवासी 56 वर्षीय असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) एस. सिंह अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
अधिकारियों ने बताया कि जब उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, तो वहां उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया।
ओवैसी बोले- सड़कों पर नमाज पढ़ना गलत है, तो हर धर्म के त्योहारों पर यही नियम लागू हो

AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शुक्रवार को कहा कि अगर सड़कों पर नमाज पढ़ना गलत है, तो हर धर्म के त्योहारों को सड़क पर मनाने के लिए भी यही नियम लागू होना चाहिए। अपनी पार्टी के मुख्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्लिमों को हाशिए पर धकेलने और उन्हें दोयम दर्जे का नागरिक बनाने की कोशिशें की जा रही हैं।
उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि जब उत्तराखंड से दिल्ली तक धार्मिक यात्राएं निकाली जाती हैं और सड़कें बंद हो जाती हैं, तब उन पर आपत्ति क्यों नहीं जताई जाती, जबकि सड़कों पर पढ़ी जाने वाली नमाज बहुत कम समय के लिए होती है।
