- Hindi News
- National
- Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

महाराष्ट्र के नासिक में TCS से जुड़े यौन उत्पीड़न और जबर्दस्ती धर्म परिवर्तन के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। यह फैसला शुक्रवार को सुनाया गया, जब कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया था। सरकारी वकील विजय गायकवाड़ के मुताबिक, तौसीफ अत्तार, रजा मेमन, शाहरुख कुरैशी, आसिफ अंसारी और अश्विनी चैनानी की बेल याचिकाएं कोर्ट ने खारिज कर दीं।इस मामले में 11 से 13 मई के बीच बहस हुई थी, जिसमें अभियोजन और बचाव पक्ष ने अपनी-अपनी दलीलें रखीं। सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था, जिसे शुक्रवार को सुनाया गया।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
दिल्ली में 1 अक्टूबर 2025 से बिना PUC पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा

कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) के मुताबिक दिल्ली में 1 अक्टूबर 2026 से बिना पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट नहीं दिखाने पर पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा। इसके लिए पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरे लगाए जाएंगे, जो निगरानी करेंगे। दिल्ली में सर्दियों में होने वाले प्रदूषण को कंट्रोल करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
नितिन गडकरी को धमकी देने वाले दो दोषियों को 5 साल की सजा, 2023 में जेल से किए थे कॉल

नागपुर की एक विशेष अदालत ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धमकी भरे फोन कॉल करने के मामले में दो लोगों को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। यह धमकी भरे कॉल 2023 में कर्नाटक की जेल से किए गए थे।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार के शर्मा ने कुख्यात अपराधी जयेश पुजारी उर्फ कांथा और आतंकी आरोपी अफसर पाशा को दोषी ठहराया। अदालत ने दोनों को भारतीय दंड संहिता (IPC) और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत सजा सुनाई।
अदालत के आदेश के मुताबिक, दोनों आरोपी फिलहाल नागपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। मामला 2023 में सामने आया था, जब केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को धमकी भरे कॉल किए गए थे। जांच में सामने आया कि कॉल कर्नाटक की जेल से किए गए थे।
दिल्ली के शाहदरा में पार्किंग में आग लगी, 10 से ज्यादा कारें जलीं

दिल्ली के शाहदरा में शुक्रवार को रेलवे लाइन के पास बनी पार्किंग में आग लगने से 10 से ज्यादा कार और 2 बाइक जल गईं। आग लगने के कारणों पता नहीं लगा है।
दिल्ली फायर सर्विसेज (DFS) के मुताबिक, शाम 4:57 बजे एक कॉल मिली, जिसके बाद ईस्ट दिल्ली में चार फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सांसदों के वेतन-भत्तों पर बनी जॉइंट कमेटी, लोकसभा-राज्यसभा के सदस्य शामिल

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने सांसदों के वेतन और भत्तों से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए जॉइंट कमेटी बनाई है। इसमें लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों के सदस्य शामिल हैं। कमेटी का कार्यकाल एक साल तक रहेगा।
यह कमेटी सांसदों के वेतन, भत्तों और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर काम करेगी। कमेटी अपने चेयरपर्सन का चुनाव खुद करेगी।
महाराष्ट्र में 50 से ज्यादा आईपीएस अधिकारियों का तबादला

महाराष्ट्र में शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 50 से अधिक अधिकारियों का तबादला किया गया। गृह विभाग के आदेशानुसार, मुंबई की संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) लखमी गौतम का ट्रांसफर राज्य के विशेष पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) के रूप में किया गया है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) सत्यनारायण चौधरी को संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) के पद पर तैनात किया गया है, जबकि संयुक्त पुलिस आयुक्त (यातायात) अनिल कुंभारे का तबादला संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) के पद पर हुआ है।
बंगाल CM सुवेंदु ने आरजी कर रेप-मर्डर केस की जांच में शामिल 3 IPS अधिकारियों को सस्पेंड किया

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आरजी कर रेप-मर्डर केस की जांच में शामिल तीन आईपीएस अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इन पर जांच में लापरवाही बरतने का आरोप था।
पूर्व कोलकत्ता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल, पूर्व डिप्टी कमिश्नर इंदिरा मुखर्जी और अभिषेक गुप्ता पर जांच में गड़बड़ी करने, पीड़िता के माता-पिता को रिश्वत के तौर पर पैसे देने की पेशकश करने और बिना अनुमति प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के आरोप हैं।
वहीं सीएम सुवेंदु ने नंदीग्राम विधानसभा सीट से इस्तीफा दे दिया और भवानीपुर सीट अपने पास रखने का फैसला किया है।
राजस्थान की 2 कोचिंग इंस्टीट्यूट पर JEE-NEET के भ्रामक विज्ञापन को लेकर ₹15 लाख का जुर्माना

उपभोक्ता संरक्षण नियामक (CCPA) ने शुक्रवार को राजस्थान के कोटा की मोशन एजुकेशन पर 10 लाख रुपए और सीकर की CLC कोचिंग इंस्टीट्यूट पर 5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
दोनों पर फ्री कोर्स या परीक्षा के बाद एडमिशन लेने वाले छात्रों की सफलता का क्रेडिट अपने पेड प्रोग्राम को देने का आरोप है।
CLC का 1650 से ज्यादा छात्रों का MBBS-IIT में एडमिशन वाला दावा भी 1996 से अब तक का आंकड़ा निकला। दोनों ने NCDRC में अपील की है।
महाराष्ट्र में डिप्टी कलेक्टर सस्पेंड, यौन शोषण के आरोपी अशोक खरात से संबंधों पर हुई कार्रवाई

महाराष्ट्र सरकार ने यौन शोषण के आरोपी अशोक खरात से कथित संबंधों के आरोप में एक डिप्टी कलेक्टर को निलंबित कर दिया है। इस मामले में राज्य में किसी अधिकारी पर की गई यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
कार्रवाई मुंबई स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) में तैनात डिप्टी कलेक्टर अभिजीत भांडे-पाटिल के खिलाफ की गई। उन्हें 14 मई को निलंबित किया गया।राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि प्रारंभिक जांच में अधिकारी के अशोक खरात से संबंध सामने आए हैं।
उन्होंने कहा- प्रथम दृष्टया वह दोषी नजर आते हैं। इसलिए जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित करने का फैसला लिया गया है। अशोक खरात को इसी साल मार्च में एक महिला द्वारा रेप का आरोप लगाए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। बाद की जांच में कथित वित्तीय अनियमितताओं, बेनामी बैंक खातों और संदिग्ध जमीन सौदों के संकेत भी मिले थे।
पुणे के अस्पताल में बम रखने के आरोप में एक गिरफ्तार, आरोपी ने 7 घंटे का टाइमर सेट किया था

महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) और पुणे पुलिस क्राइम ब्रांच ने शुक्रवार को पुणे के हॉस्पिटल में बम रखने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया। आरोपी का नाम शिवाजी राठौड़ है। उसे नागपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
दरअसल बुधवार शाम को अस्पताल के वॉशरूम में बम जैसी डिवाइस को रखी मिली थी। इसमें लगे तार टाइमर से जुड़े थे। टाइमर को 7 घंटे के लिए सेट किया गया था। इसके बाद वहां पहुंची बम स्कॉड ने विस्फोटक को मैदान में लाकर डिफ्यूज किया था।
दिल्ली में ई-रिक्शा चालक को गोली मारी, सवारी से झगड़ा हुआ था

दिल्ली के नॉर्थईस्ट इलाके में शुक्रवार को एक ई-रिक्शा चालक पर फायरिंग की गई। घटना में ई-रिक्शा चालक एहसान घायल हुआ है। पुलिस के मुताबिक दो लोग ई-रिक्शा में बैठे थे।
जब एहसान ने उनसे उतरने के लिए कहा तो दोनों ने बहस शुरू कर दी और एहसान पर फायर किया। भीड़ ने एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन दूसरा भागने में सफल हो गया। मामले की जांच की रही है।
मणिपुर में कुकी और नगा समूहों ने 14-14 बंधकों को रिहा किया, 6 अब भी लापता

मणिपुर में बढ़ते तनाव के बीच कुकी और नगा पक्षों ने 28 बंधकों को रिहा कर दिया है। यह रिहाई यूनाइटेड नगा काउंसिल (UNC), विभिन्न सिविल सोसाइटी संगठनों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार सुबह हुई। दोनों पक्षों से 6 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
सिविल सोसाइटी सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्षों ने 14-14 लोगों को छोड़ा है। नगा पक्ष की ओर से इरेंग लियांगमई गांव और सेनापति जिले के आसपास हिरासत में रखे गए पुरुषों और महिलाओं समेत 14 लोगों को रिहा किया गया।
वहीं कुकी पक्ष ने भी 14 लोगों को छोड़ा, जिनमें 12 महिलाएं शामिल हैं। ये महिलाएं कथित तौर पर लेइलोन वैफेई गांव में हिरासत में थीं। इसके अलावा डिमापुर स्थित सेल्सियन प्रोविंशियल ऑफिस से जुड़े दो लोगों को भी छोड़ा गया, जिन्हें सापरमेइना इलाके में रोके जाने की बात सामने आई थी।
हालांकि लेइलोन वैफेई गांव में कथित तौर पर हिरासत में रखे गए छह पुरुषों का अब तक पता नहीं चल पाया है। सूत्रों का कहना है कि कुछ अन्य लोग भी अभी हिरासत में हो सकते हैं, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आ रही लुफ्थांसा की फ्लाइट में बम की खबर, धमकी भरा मेल मिला, एयरपोर्ट पर इमरजेंसी अलर्ट

जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से आने वाली लुफ्थांसा की एक फ्लाइट के संबंध में बम की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया। मेल में दावा किया गया था कि फ्लाइट एलएच-754 में बम लगाया गया है और शमशाबाद पहुंचने से पहले ही उसमें विस्फोट कर दिया जाएगा।
इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचित किया गया और इमरजेंसी प्रोटोकॉल शुरू किए गए। प्लेन की लैंडिंग के बाद उसकी जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया है।
गोवा कांग्रेस नेता केतन भाटीकर की सांप के काटने से मौत, पोंडा बायपोल में उम्मीदवार थे

गोवा कांग्रेस के नेता केतन भाटीकर की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना गुरुवार रात को हुई, जब भाटीकर (38) कर्नाटक के दांडेली गांव जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक भाटीकर किसी काम से गोवा-कर्नाटक बॉर्डर पर करमल घाट पर उतरे थे, तभी एक सांप ने उन्हें काट लिया। उन्हें तुरंत गोवा के धरबंदोरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भाटीकर पोंडा उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार थे, जिसे हाईकोर्ट के फैसले के बाद रद्द कर दिया गया था। उन्होंने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ एक विशेष अनुमति याचिका (SLP) के जरिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था, जो अभी लंबित है।
महाराष्ट्र सरकार ने डिप्टी कलेक्टर को सस्पेंड किया, रेप के आरोपी अशोक खरात से कनेक्शन था

महाराष्ट्र सरकार ने स्वयंभू बाबा अशोक खरात के साथ संबंधों के आरोप में एक डिप्टी कलेक्टर को निलंबित कर दिया है। मामला सामने आने के बाद अधिकारियों पर की गई यह पहली बड़ी कार्रवाई है। गुरुवार को मुंबई में स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) में तैनात डिप्टी कलेक्टर अभिजीत भांडे-पाटिल के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि उनके खरात के साथ संबंध हैं। इससे पहले मार्च में, महाराष्ट्र सरकार ने भांडे-पाटिल को उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया था।
मणिपुर हिंसा- जांच कमेटी को रिपोर्ट जमा करने के लिए 6 महीने का अतिरिक्त समय मिला

केंद्र सरकार ने गुरुवार को एक जांच आयोग को 2023 की मणिपुर हिंसा की जांच पर अपनी रिपोर्ट जमा करने के लिए छह महीने का और विस्तार (20 नवंबर तक) दिया। इस हिंसा में 260 से ज्यादा लोगों की जान चली गई थी। तीन सदस्यों वाले इस पैनल की अध्यक्षता अब सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश बलबीर सिंह चौहान कर रहे हैं। यह पैनल 4 जून, 2023 को पूर्वोत्तर राज्य में मई में भड़की जातीय हिंसा के बाद बनाया गया था।
कर्नाटक: नाबालिगों से छेड़छाड़ और CSAM कंटेंट अपलोड करने के आरोप में दो गिरफ्तार

कर्नाटक के बेंगलुरु में दो नाबालिग लड़कियों के यौन उत्पीड़न में पुलिस ने दो आरोपियों को अरेस्ट किया है। आरोपियों ने इस दौरान वीडियो भी बनाया और उसे ऑनलाइन अपलोड किया। आरोपियों की पहचान चित्रदुर्ग जिले के रहने वाले किरण कुमार (29) और शिवमोग्गा जिले के रहने वाले आदित्य (20) के रूप में हुई है।
