अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
Published by: Sharukh Khan
Updated Thu, 14 May 2026 09:37 AM IST
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को लखनऊ में होगा। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा की है। अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा।
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार आज 11 बजे किया जाएगा। यह जानकारी उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने सोशल मीडिया पर साझा की है। अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा।
अपर्णा यादव ने अपने पोस्ट में परिवार के लिए इस समय को बेहद दुखद बताया है। उन्होंने सभी से अंतिम संस्कार में गरिमामयी उपस्थिति की प्रार्थना की है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह दूसरा बड़ा दुखद समाचार है। राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। कई बड़े नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
प्रतीक यादव दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे थे। उनकी मां साधना गुप्ता थीं। प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। वह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। हालांकि, उनका परिवार राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली है। उनके बड़े भाई अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
अंतिम संस्कार की तैयारियां
लखनऊ के बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई हैं। परिवार के सदस्य और करीबी लोग वहां पहुंचना शुरू हो गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की जा रही है। यह एक भावुक क्षण होगा जब प्रतीक यादव को अंतिम विदाई दी जाएगी।
प्रतीक यादव की मौत
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के निधन हो गया था। वह विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास के किचन में सुबह करीब चार बजे अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद प्रतीक के नौकर ने सिविल अस्पताल में फोन किया। डॉक्टरों की टीम प्रतीक के घर गई। घर पर उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। इसके बाद प्रतीक को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
खून का थक्का बन जाने की थी समस्या, चल रहा था इलाज
हृदय गति रुकने की वजह से जान गंवाने वाले प्रतीक यादव को हायपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) के साथ ही खून का थक्का बनने की भी समस्या थी। मेदांता अस्पताल में इसका इलाज चल रहा था। 29 अप्रैल को सांस लेने में समस्या होने पर प्रतीक यादव अंतिम बार मेदांता अस्पताल पहुंचे थे।
मेदांता अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक और इंटरनल मेडिसिन विभाग की डॉ. रुचिता शर्मा ने बताया कि 29 अप्रैल को जांच में थक्का बनने के साथ ही दिल संबंधी समस्या की पुष्टि भी हुई थी। खून का थक्का बनने की समस्या को डीप वेन थ्रोम्बोसिस कहा जाता है। यह एक गंभीर स्थिति है। यह थक्का टूटकर फेफड़ों तक पहुंच जाए तो जानलेवा साबित हो सकती है।
दस वर्ष तक रिलेशनशिप के बाद 2011 में हुआ था प्रतीक और अपर्णा का विवाह
प्रतीक यादव (38) और अपर्णा यादव (37) दोनों का प्रेम विवाह 4 दिसंबर 2011 को हुआ था। शादी मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में एक बेहद भव्य समारोह के रूप में हुई थी। इससे पहले दोनों के बीच लगभग 10 साल तक रिलेशनशिप थी। दोनों की मुलाकात एक बर्थडे पार्टी में हुई थी।
इसके बाद ईमेल से बातचीत शुरू हुई थी। फिर दस साल बाद शादी के बंधन में बंध गए थे। इसमें कई नामी हस्तियों ने शिरकत की थी। वर्ष 2014 पहली बेटी प्रथमा यादव का जन्म हुआ था। प्रतीक और अपर्णा की दो बेटियां प्रथमा यादव और प्रतीक्षा यादव हैं। सोशल मीडिया पर वह अक्सर अपने पेट डॉग्स और दूसरे जानवरों के साथ तस्वीरें शेयर करते रहते थे।
अत्यंत दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि “पद्म विभूषण” पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के सुपुत्र एवं हम सभी के प्रिय प्रतीक यादव जी का अंतिम संस्कार कल प्रातः 11:00 बजे बैकुंठ धाम (भैंसाकुंड) में संपन्न होगा।
इस दुःखद घड़ी में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति… pic.twitter.com/VXIuLnUZN3
— Aparna Bisht Yadav (@aparnabisht7) May 13, 2026
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
