आज के दिन: टीवीके प्रमुख विजय आज बनेंगे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला नई दिल्ली।
Published by: Asmita Tripathi
Updated Sun, 10 May 2026 06:05 AM IST
नमस्कार! आज है रविवार, 10 मई। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं…
आज के खबरें
– फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
आज 10 मई 2026 को जेष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी है। तमिलनाडु में टीवीके प्रमुख विजय रविवार को राज्य के अगले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन राज्यों के दौरे पर हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।
विजय तमिलनाडु के सीएम नियुक्त, आज लेंगे शपथ
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) प्रमुख विजय को मुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया है। शनिवार रात लोकभवन ने बताया कि राज्यपाल ने टीवीके प्रमुख को नियुक्ति पत्र सौंप दिया है। अभिनेता से राजनेता बने विजय रविवार सुबह 10:00 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल ने उनसे 13 मई तक बहुमत साबित करने का समय दिया है। विजय ने शनिवार शाम राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात की और 234 सदस्यीय विधानसभा में 120 विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया।
प्रधानमंत्री का तीन राज्यों का दौरा
शुरुआत प्रधानमंत्री से। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को कर्नाटक और तेलंगाना की दौरे पर रहेंगे। वह सुबह लगभग 11 बजे बंगलूरू में ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की 45वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर पीएम एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री हैदराबाद के लिए रवाना होंगे और दोपहर लगभग 3 बजे वे लगभग 9,400 करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं की नींव रखेंगे, उनका उद्घाटन करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे इस अवसर पर एक सभा को संबोधित भी करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर लगभग 3:45 बजे हैदराबाद में सिंधु अस्पताल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद पीएम रात में गुजरात पहुंचेंगे।
उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार
उत्तर प्रदेश में रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार होगा। इस मौके पर छह मंत्री शपथ ले सकते हैं। यूपी में फिलहाल 54 मंत्री हैं। छह मंत्रियों की जगह खाली है। राज्य में कुल 60 मंत्री हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिन छह नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है, उनमें कृष्णा पासवान, पूजा पाल, मनोज पांडेय, भूपेंद्र चौधरी, अशोक कटारिया और रोमी साहनी का नाम शामिल है।
बाढ़ से निपटने की तैयारियों की समीक्षा
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह रविवार को देश में बाढ़ प्रबंधन और हीट वेव से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए नई दिल्ली में उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। गृह मंत्रालय ने हाल के वर्षों में देश में आपदा प्रबंधन ढांचे को काफी मजबूत किया है। इसमें केन्द्र और राज्य सरकार की एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, NDRF को सुदृढ़ बनाना और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान शून्य जनहानि के दृष्टिकोण पर निरंतर ध्यान केंद्रित करना शामिल है।
हरियाणा में निकाय चुनाव
हरियाणा में रविवार को निकाय चुनाव के लिए मतदान किया जाएगा। राज्य के सात निकायों के लिए कुल 614 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके लिए 10 मई को सुबह 8 बजे से मतदान होगा। नगर पंचायतों के लिए भी इसी दिन वोट डाले जाएंगे।
तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल समाप्त
तमिलनाडु में सरकार गठन पर अभी भी सस्पेंस जारी है। इसी बीच 10 मई को तमिलनाडु विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी बहुमत के आंकड़े से 10 कदम दूर रह गई। अब यही दस कदम तय करने में उसे बड़ी मुश्किलें आ रही हैं। विजय राज्यपाल के पास से बार-बार सरकार बनाने का दावा लेकर जा रहे हैं और राज्यपाल बार-बार उन्हें नंबर लेकर आने को कह रहे हैं।
आईपीएल में दो मुकाबले
आईपीएल में रविवार को दो मुकाबले हैं। पहला मैच दोपहर साढ़े तीन बजे से चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच खेला जाएगा। वहीं, दूसरा मैच शाम साढ़े 7 बजे से रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू और मुंबई इंडियंस के बीच है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
