- Hindi News
- National
- IMD Rainfall Alert LIVE Photos Update; Rajasthan Jaipur | Bihar Haryana MP UP
नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

देशभर से मानसून मंगलवार को खत्म हो गया, लेकिन बारिश का दौर जारी है। राजस्थान में बुधवार को तेज बारिश का अलर्ट है। कल जयपुर, सीकर सहित कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। जयपुर में 2 घंटे की बारिश से सड़कें तालाब बन गईं।
जयपुर के इलाकों में 2 से 3 फीट पानी भर गया। दशहरा पर रावण दहन के लिए तैयार पुतले भी पानी में बहते दिखे। कोटा में 221 फीट ऊंचा रावण का पुतला भीग गया। दावा है कि यह दुनिया का सबसे ऊंचा रावण का पुतला है। मौसम विभाग ने राजस्थान में दशहरे के दिन, 2 अक्टूबर को भी तेज बरसात की आशंका जताई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि इस साल देश में मानसून सीजन (जून से सितंबर तक) में सामान्य से 8% ज्यादा बारिश हुई है। भारत में चार महीने के दौरान 868.6mm बारिश होती है। इस साल 937.2mm वर्षा दर्ज की गई।
मौसम से जुड़ी घटनाओं में 1520 लोगों की मौत हुई। कुल मौतों में से 935 बाढ़ और भारी बारिश से हुईं, जबकि 570 लोग बिजली गिरने और आंधी-तूफान में मारे गए। मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा 290 मौतें दर्ज की गईं।
IMD ने बताया कि बारिश का दौर अक्टूबर से दिसंबर तक जारी रहेगा। अक्टूबर में सामान्य से 15% ज्यादा बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल और कर्नाटक में भी मानसून के बाद सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है।
देश में बारिश की 5 तस्वीरें…

राजस्थान के जयपुर में मंगलवार को बारिश के बाद सड़क किनारे रखे रावण के पुतले डूब गए। महीनों से पुतला तैयार कर रहे मजदूरों को लाखों रुपए का नुकसान हो गया।

राजस्थान के कोटा स्थित दशहरा मैदान में मंगलवार को 221 फीट का रावण भीग गया। हालांकि, इसे वाटरप्रूफ बनाया गया है। भारी बारिश के कारण रामलीला में लंका दहन टल गया।

राजस्थान के टोंक में मंगलवार को बीसलपुर बांध पर बनी पुलिया के आर-पार पानी बहने लगा। पुलिया पर एक पिकअप फंस गई, जिसमें 11 लोग सवार थे। सभी का रात को रेस्क्यू किया गया।

दिल्ली में मंगलवार को भारी बारिश से लाल किला में रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले खराब हो गए। इससे रामलीला आयोजक, लव कुश रामलीला कमेटी को लाखों का नुकसान हो गया।

यूपी के मथुरा में मंगलवार दोपहर में ढाई घंटे जोरदार बारिश हुई। इससे नए बस स्टैंड रेलवे पुल के नीचे एक कार डूब गई। हालांकि, हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
देशभर में बारिश का डेटा मैप में देखें…

देशभर में बारिश से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाएं…
अपडेट्स
07:44 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
रावण बनाने वाले मजदूर बोले- उधार लेकर सैकड़ों पुतने बनाए थे

बच्चे को गोद में लिए एक महिला मजदूर बारिश में बर्बाद हुए रावण के पुतले को देखकर रोने लगी।
उधार लेकर रावण के पुतले बनाए थे। बारिश ने सब बर्बाद कर दिया। 30 लाख का नुकसान हुआ है। भीगे हुए पुतले नहीं बिके तो कर्ज कैसे चुकाएंगे।
ये दर्द है जयपुर में रावण के पुतले बनाकर रोजी-रोटी कमाने वाले परिवारों का, जिनकी महीनों की मेहनत जयपुर में मंगलवार शाम हुई 1 घंटे की मूसलाधार बारिश ने बर्बाद दी। इनके बनाए पुतले बारिश में भीग गए। सड़क किनारे इन्होंने झोपड़ियां बना रखी थीं, उनमें पानी घुस गया। एसएफएस चौराहा, गुर्जर की थड़ी सहित शहर में कई स्थानों पर ये मजदूर पुतले बना रहे थे।
इन परिवारों का दर्द जानने के लिए भास्कर रिपोर्टर उनके झोपड़ियों में गईं। हालात डरावने थे। झोपड़ियों में अब तक पानी भरा है। दोपहर तक चूल्हा नहीं जला था। बच्चे भूख से तड़प रहे थे। महिलाएं रो रही थीं। मजदूर भीगे हुए रावण पुतलों को निहार रहे थे। मुरझाए चेहरे बता रहे थे कि उनकी महीनों की मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर चुका है। पूरी ग्राउंड रिपोर्ट पढ़िए…
06:58 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
ओडिशा में भारी बारिश का पूर्वानुमान, सभी जिलों में अलर्ट
बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण ओडिशा में बुधवार को भारी बारिश का पूर्वानुमान है। इसके चलते ओडिशा सरकार ने सभी जिलों को अलर्ट पर रखा है।
राज्य सरकार ने सभी जिला कलेक्टरों से संभावित जलभराव, अचानक बाढ़, लैंडस्लाइड और अन्य घटनाओं से निपटने के लिए कर्मियों और मशीनरी को तैयार रखने को कहा है।
मछुआरों को 1 अक्टूबर से 4 अक्टूबर के दौरान समुद्र में नहीं जाने की अपील की गई है। मौसम विभाग ने कहा कि 2 अक्टूबर को ओडिशा के सभी 30 जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है।
06:30 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
राजस्थान के टोंक में बीसलपुर बांध से लगातार 70वें दिन पानी छोड़ा जा रहा
राजस्थान के टोंक जिले में स्थित बीसलपुर बांध से बुधवार को लगातार 70वें दिन भी पानी छोड़ा जा रहा है। मंगलवार को भारी बारिश के कारण अब ज्यादा मात्रा में पानी निकाला जा रहा है। मंगलवार देर रात से बांध के एक गेट को 2 मीटर तक खोलकर पानी निकासी की जा रही है।
बीसलपुर बांध परियोजना के अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम तक गेट नंबर 11 आधा मीटर खुला था। पानी बढ़ने लगा तो इसे एक मीटर खोला। रात करीब 8 बजे डेढ़ मीटर खोल दिया गया।
06:23 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
गुजरात में सरदार सरोवर ओवरफ्लो, अधिकतम जलस्तर से सिर्फ 18cm दूर

गुजरात की जीवनरेखा माना जाने वाला नर्मदा बांध (सरदार सरोवर डैम) इस मौसम में पहली बार अपने अधिकतम स्तर के बेहद करीब पहुंच गया है। बांध का जलस्तर अब 138.43 मीटर तक पहुंच गया है, जबकि बांध का अधिकतम जलस्तर 138.68 मीटर है। बांध अपने अधिकतम जलस्तर से केवल 18 सेंटीमीटर दूर है।
05:23 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
दिल्ली में आज बादल छाए रहने, हल्की बारिश की संभावना
दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में पिछले 24 घंटों में, बुधवार सुबह 8:30 बजे तक 38mm बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ बादल छाए रहने का अनुमान जताया है।
05:05 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
यूपी: काशी में रातभर बारिश, फतेहपुर में 6 की मौत, जालौन में मंदिर पर बिजली गिरी

यूपी के वाराणसी, जौनपुर और कानपुर समेत 36 जिलों में बुधवार को बारिश का अलर्ट है। वाराणसी में मंगलवार शा से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह 3 बजे तक जारी रही। 8 घंटे में 60mm बारिश रिकॉर्ड की गई। लोटा टीला मठ की दीवार ढह गई। जालौन में 100 साल पुराने शिव मंदिर पर बिजली गिरी। इससे मंदिर ढह गया। फतेहपुर में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें…
04:46 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
छत्तीसगढ़:28 जिलों में अलर्ट, अगले 3 दिन बारिश, आंधी-बिजली के आसार

रायपुर में मंगलवार दोपहर तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की चेतावनी दी है।
छत्तीसगढ़ में बुधवार से अगले 3 दिनों तक तेज बारिश हो सकती है। 28 जिलों में आज गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और आंधी चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार, दशहरे पर भी बारिश की संभावना है। बेमेतरा, दुर्ग, रायपुर, महासमुंद और बलौदाबाजार को छोड़कर राज्य के बाकी सभी जिलों में यलो अलर्ट है। बीते 24 घंटों के दौरान, नारायणपुर में सबसे ज्यादा 20mm बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें…
04:41 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
हिमाचल प्रदेश: 3 दिन बारिश के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी संभव

हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन मौसम साफ रहेगा। इसके बाद बारिश का दौर फिर से शुरू होगा। IMD के अनुसार, 3 अक्टूबर की शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण 4, 5 और 6 अक्टूबर को बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगर परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो लाहौल स्पीति में अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। पूरी खबर पढ़ें…
04:24 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
दिल्ली में रावण के पुतले भीगने से लाखों का नुकसान
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई। भारी बारिश से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में सड़कों से लेकर मैदानों तक जगह-जगह जलभराव हो गया। जलभराव के चलते रिंग रोड, नेशनल हाईवे-24, धौला कुआं, मालवीय नगर, साउथ एक्सटेंशन में लंबे-लंबे जाम में लोग फंसे रहे।
कई रामलीला मैदानों में पानी भर गया। रावण के पुतले भीगने से खराब हो गए, जिससे रामलीला आयोजकों को लाखों का नुकसान हुआ। अचानक आई बारिश ने रावण के पुतले बनाने वालों को संभलने का मौका ही नहीं दिया। वे उन्हें सुरक्षित जगहों पर रखते, उससे पहले ही रावण के पुतले पानी के बहाव में बहने लगे।
03:30 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
दिल्ली में 22 साल बाद मानसून समय से पहले विदा
मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि इस साल दिल्ली से मानसून अपने तय समय से एक दिन पहले, 24 सितंबर को विदा हो गया। दिल्ली में सामान्य तौर पर मानसून 25 सितंबर को विदा होता है।
दिल्ली में इस बार 22 साल बाद मानसून की विदाई तय समय से पहले हुई है। इससे पहले 2002 में मानसून 20 सितंबर को विदा हुआ था। दिल्ली के इतिहास में पहली बार मानसून इतनी जल्दी खत्म हो गया था। 2024 में, मानसून की वापसी 2 अक्टूबर को हुई थी।
02:25 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
पंजाब: बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई, अब 4 अक्टूबर से बारिश की संभावना

पंजाब-चंडीगढ़ में मंगलवार रात को कई इलाकों में हल्की बारिश हुई।
पंजाब और चंडीगढ़ से मानसून विदा हो चुका है। हालांकि, मंगलवार रात अचानक मौसम बदल गया। कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। पंजाब के औसत अधिकतम तापमान, 35 डिग्री सेल्सियस में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 3 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा। 4 अक्टूबर से वर्षा होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…
02:20 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
बिहार: 24 जिलों में अलर्ट, 7 अक्टूबर तक कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

बिहार में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 24 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ-साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…
02:17 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
हरियाणा: 8 जिलों में बारिश का अलर्ट, रात का तापमान 5 डिग्री तक बढ़ेगा

गुरुग्राम में मंगलवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी बारिश की संभावना जताई है।
हरियाणा में बुधवार को 8 जिलों- झज्जर, रेवाड़ी, नूंह, चरखीदादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल और महेंद्रगढ़ में हल्की बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में रात का तापमान 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण हरियाणा में मंगलवार को मौसम अचानक बदला था। कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। पूरी खबर पढ़ें…
01:49 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
राजस्थान: 16 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट, दशहरा पर बरसात की आशंका

मंगलवार को जयपुर और सीकर में बारिश से सड़कों पर 2 से 3 फीट पानी भर गया।
राजस्थान के 16 जिलों में बुधवार को तेज बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर 4 अक्टूबर तक जारी रह सकता है। बीते 2 दिन में बीकानेर, जयपुर, भरतपुर समेत अलग-अलग जिलों में 4 इंच तक बारिश हुई है। जयपुर में सड़कों पर कमर तक पानी भर गया। रावण के पुतले भी पानी में बहते दिखे। शहर में दशहरा (2 अक्टूबर) पर भी तेज बरसात की आशंका है।
कोटा में 221 फीट का रावण का पुतला भीग गया है। दावा है कि यह दुनिया में सबसे ऊंचा रावण का पुतला है। इसके लिए एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स को बुलाया गया है। पूरी खबर पढ़ें…
01:38 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
मध्य प्रदेश: भोपाल सहित 10 जिलों में बारिश, अगले 4 दिन अलर्ट

मध्य प्रदेश के बैतूल सहित कई जिलों में मंगलवार को बारिश हुई।
मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बीच हल्की बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को भोपाल समेत 10 जिलों में बारिश हुई। अगले 4 दिन तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। दशहरे के दिन भी बारिश का अलर्ट है।
अब तक 12 जिलों से मानसून विदा हो चुका है। 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून लौट जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में अक्टूबर में बारिश, गर्मी और ठंड का ट्रेंड रहेगा। पूरी खबर पढ़ें…
01:23 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
देश में इस मानसून सीजन 8% ज्यादा बारिश
भारत में चार महीने का मॉनसून सीजन (जून-सितंबर) मंगलवार को समाप्त हो गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने यह जानकारी मंगलवार को दी। इस सीजन 937.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य बारिश 870 मिमी से 8% ज्यादा रही।
आमतौर पर देश में मानसून केरल के रास्ते 2 जून को आता है, लेकिन इस बार 8 दिन पहले 24 मई को ही आ गया था। हालांकि देश के कुछ हिस्सों में बारिश जारी है।


01:17 AM1 अक्टूबर 2025
- कॉपी लिंक
राज्यों में मौसम का हाल
